बिजनौर। तापमान में बढ़ोतरी होने पर मेडिकल कॉलेज में हीट स्ट्रोक के मरीज पहुंचने लगे हैं। मंडावर के गांव कोहरपुर निवासी प्रेमजीत सिंह को दोपहर में खेत पर काम करने से हीट स्ट्रोक की समस्या हो गई। इलाज के लिए शनिवार को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सक उपचार कर रहे हैं।
तापमान 39 डिग्री से अधिक होने पर हीट स्ट्रोक का खतरा रहता है। बिजनौर का तापमान भी 39 डिग्री से ऊपर चल रहा है। कोहरपुर निवासी प्रेमजीत सिंह खेती का काम करता है। रोजाना की तरह शुक्रवार को भी काम कर रहा था लेकिन लू लगने की वजह से बुखार, उल्टी, दस्त की समस्या होने लगी। परेशानी बढ़ने पर प्रेमजीत को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। इससे पहले भी इमरजेंसी में हीट स्ट्रोक के मरीज भर्ती हुए थे। ऐसे में चिकित्सक मरीजों को धूप में नहीं निकलने की सलाह दे रहे हैं।
एसी से निकलकर तुरंत धूप में जाने से काम नहीं करता शरीर का थर्मोस्टेट
मेडिकल कॉलेज के डॉ. प्रेम प्रकाश ने बताया कि एसी में ज्यादा समय रहने वाले लोगों को अचानक धूप में जाने से परेशानी हो सकती है। ऐसे में शरीर का थर्मोस्टेट काम नहीं करता है। ठंड से अचानक धूप में जाने से शरीर की तापमान नियंत्रण प्रणाली बिगड़ जाती है। इससे शरीर का तापमान बढ़ने लगता है, प्यास अधिक लगती है। तुरंत इलाज नहीं मिलने पर हीट स्ट्रोक या ब्रेन सेल्स खराब होने की समस्या बढ़ जाती है। इसलिए, छाता लेकर ही धूप में निकलें।
गर्मी से बचाव को रखें इन चीजों का ध्यान
-थोड़ी-थोड़ी देर में पानी पीते रहें और शरीर को हाइड्रेट रखें
-दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक धूप में नहीं निकलें
-घर से बाहर निकलते समय सिर को कपड़े या टोपी से ढकें
-गर्मी के दिनों में हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें
-खाली पेट धूप में बाहर नहीं निकलें
-गर्मी में अधिक से अधिक तरल पदार्थ जैसे नींबू पानी, छाछ, दही, लस्सी और ओआरएस का सेवन करें
-खीरा, ककड़ी, तरबूज, खरबूजा, नारियल पानी, सत्तू, आम पना, बेल के शरबत कर सेवन करें
-घर से बाहर निकलने से पहले दो गिलास पानी जरूर पिएं
-गर्मियों में हल्के भोजन जैसे- लौकी, तोरई, टिंडा, मूंग दाल का सेवन ज्यादा करें
गर्मियों में इन चीजों के सेवन से करें परहेज
-समोसे, पकौड़े, और जंक फूड से बचें
-तेज मसालों वाली करी और तीखे व्यंजन न खाएं
-कोल्ड ड्रिंक्स और पैकेटबंद जूस से परहेज करें
-गर्मियों में अधिक चाय-कॉफी पीने से बचें
-शराब, मीट का सेवन नहीं करें
-गर्मी में नमक का ज्यादा सेवन न करें
तापमान बढ़ने के साथ ही गर्मी में हीट स्ट्रोक का खतरा रहता है। इसलिए, दोपहर में घरों से बाहर नहीं निकलें। साथ ही चक्कर, बुखार, उल्टी-दस्त आने पर तुरंत चिकित्सक से इलाज कराएं। देरी करने पर मरीज दो-तीन दिन के लिए कोमा में भी जा सकता है। ....डॉ. प्रेम प्रकाश, चिकित्सक, मेडिकल कॉलेज, बिजनौर