बिजनौर जिला अस्पताल में इंफ्लूएंजा वायरस के खतरे को लेकर तैयार वार्ड।
बिजनौर। इन्फ्लुएंजा वायरस के खतरे को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। जिला अस्पताल में मरीजों को भर्ती करने के लिए ऑक्सीजन युक्त 30 बेड तैयार कर लिए गए हैं। जरूरत वाली दवाइयों की भी अस्पताल में व्यवस्था की जा रही है। अस्पताल में वायरल बुखार से ग्रसित मरीज पहुंच रहे हैं। हालांकि किसी भी मरीज में इन्फ्लुएंजा वायरस नहीं मिला है।
जिले में मरीज वायरल बुखार की चपेट में है। तीन दिन का बुखार मरीज को 15 दिन तक परेशान कर रहा है। गला जकड़ना, सिर दर्द, खांसी जैसी परेशानी हो रही है। एच3एन2 इन्फ्लुएंजा से देश में दो लोगों की मौत हो चुकी है। जिसको लेकर जिले में स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। जिला अस्पताल में वायरल बुखार के रोजाना 40 मरीज तक पहुंच रहे हैं। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनोज सैन ने बताया कि अस्पताल में इस समय बुखार के करीब आठ मरीज भर्ती हैं। जिसके चलते चिकित्सक मरीजों को मास्क लगाने की सलाह दे रहे हैं। क्योंकि इन्फ्लुएंजा वायरस हवा के माध्यम से ही फैलता है।
आईसीयू, पीकू वार्ड भी किया जा रहा तैयार
जिला अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक वायरस के खतरे को लेकर ऑक्सीजन युक्त 30 बेड तैयार कर लिए गए हैं। इसके अलावा आईसीयू वार्ड, पीकू वार्ड भी तैयार किया जा रहा है। कोरोना के बाद से अस्पताल में बेड का रखरखाव किया जा रहा है।
जिला अस्पताल में इन्फ्लुएंजा वायरस के खतरे को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई हैं। ऑक्सीजन युक्त बेड की व्यवस्था कर ली गई है। यह वायरस बच्चों और बड़ों को किसी को भी चपेट में ले सकता है। मरीजों को मास्क लगाने के लिए भी कहा जा रहा है।. - डॉ. मनोज सैन, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक