- हेल्थ एटीएम के सेंसर नहीं कर रहे काम, महीने में हो रही 80 से भी कम जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिला अस्पताल में लगा हेल्थ एटीएम शोपीस बनकर रह गया है। एक महीने में 80 से भी कम लोगों ने हेल्थ एटीएम से जांच कराई है। हेल्थ एटीएम के सेंसर खराब हो गए हैं। सेंसर खराब होने से कुछ जांच नहीं हो पा रही है। साथ ही अब शुगर की जांच भी हेल्थ एटीएम ने करना बंद कर दिया है।
जिला अस्पताल में नवंबर माह में हेल्थ एटीएम लगा था, लेकिन लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। जिला अस्पताल की प्रयोगशाला में रोजाना 130 मरीजों तक की जांच की जा रही है। हेल्थ एटीएम से रोजाना चार मरीज ही जांच करा रहे हैं। हेल्थ एटीएम से शुगर, रक्तचाप, हीमोग्लोबिन, ऑक्सीजन की मात्रा, वजन, लंबाई, शरीर का तापमान सहित खून की कई तरह की जांच हो सकती हैं। मगर इस समय हेल्थ एटीएम से शुगर की जांच नहीं हो पा रही है। साथ ही सेंसर खराब होने से उससे जुड़ी जांच नहीं हो पा रही हैं। हेल्थ एटीएम जिला अस्पताल की इमरजेंसी में रखी हुई धूल फांक रही है।
वर्जन::
हेल्थ एटीएम से मरीजों की जांच की जा रही है। हेल्थ एटीएम चलाने के लिए लैब टेक्नीशियन की तैनाती कर दी गई है। प्रयोगशाला इमरजेंसी के सामने होने की वजह से हेल्थ एटीएम से कम जांच हो पा रही हैं - डॉ. मनोज सैन, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला अस्पताल