अफजलगढ़ में पहाड़ों पर हो रही बारिश से फीका नदी का बहाव तेज होने से भूतपुरी-सुरजनगर मार्ग स्थित पुल की अप्रोच कटने से पुल की दीवार धंस गई। पुल धंसने से लोनिवि अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मार्ग पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। दीवार का अधिकांश मलबा नदी में बह गया। आनन-फानन में पहुंचे अवर अभियंता ने मौके पर जांच कर तीन दिन के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए। कर्मचारी काम करने में जुट गए।
लगातार हो रही तेज बारिश से फीका नदी में उफान आ गया है। तेज बहाव में रविवार की रात भूतपुरी-सुरजनगर मार्ग स्थित फीका नदी के पुल की दीवार धंस गई। पुल की दीवार बैठने से हाइवे टूटकर पुल के मलबे के साथ नदी में बह गया। इस घटना के बाद मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया। मार्ग पर बड़े वाहनों के पहिये थम गए।
पुल टूटने से यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी। पुल का करीब 15 मीटर का हिस्सा नदी में गिर गया। मार्ग पर वाहनों की लंबे कतार लग गई। मजबूरन पुलिस को बैरिकेडिंग लगाकर मार्ग को डायवर्ट करना पड़ा। वाहनों को दूसरे मार्ग से निकाला गया। पुलिस ने मार्ग से पैदल और दुपहिया वाहन सवारों को ही निकलने दिया। आनन-फानन में पहुंचे अवर अभियंता मुरादाबाद लक्ष्मी नारायण सिंह ने निरीक्षण कर विभाग कर्मचारियों को तीन दिन के भीतर क्षतिग्रस्त पुल की मरम्मत कर सुचारु करने के निर्देश दिए। अवर अभियंता का आदेश पाते ही लोनिवि कर्मी पुल की मरम्मत में जुट गए। पुल पर मिट्टी डालकर कटाने को रोकने का प्रयास किया जा रहा है। नदी में पेचिंग लगाने काम शुरू कर दिया गया है, ताकि बाकी के बचे पुल को नदी के कटान से बचाया जा सके। राहगीरों का कहना है कि यदि मिट्टी के कटान को नहीं रोका गया तो पूरा पुल नदी में धंस जाएगा।
मुुरादाबाद से बिजनौर को जोड़ता है फीका पुल
भूतपुरी-सुरजनगर मार्ग पर बना पुल मुरादाबाद जिले को बिजनौर जनपद से जोड़ता है। इस पुल को क्षति पहुंचने से मुरादाबाद जनपद का बिजनौर से लगभग संपर्क टूट गया। मुरादाबाद से आने वाले बड़े वाहन स्योहारा, अफजलगढ़, कालागढ़, जसपुर, धामपुर, शेरकोट को इसी पुल के ऊपर से गुजरकर आते हैं। यह पुल दोनों जनपदों की सीमा पर रीढ़ का काम करता आ रहा है। मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में मुरादाबाद जाने वाले यात्रियों को जसपुर या धामपुर से होकर ही मुरादाबाद जाना पड़ेगा। अब तक यात्री इस मार्ग से मुरादाबाद चले जाते थे। वहीं, पुलिस ने सुरक्षा के चलते सोमवार को रूट डायवर्ट कर दिया। बड़े वाहनों को वाया स्योहारा, वाया जसपुर मार्ग से निकाला गया। घंटों तक मार्ग पर बड़े वाहनों की लाइन लगी रही। जाम के कारण घंटों परेशानी झेलनी पड़ी। पुल क्षतिग्रस्त होने से भूतपुरी-सुरजनगर मार्ग पर चलने वाली बस सेवा को बंद कर दिया गया। बसों के बंद होने से यात्री परेशान रहे। यात्रियों को वाहनों के चक्कर में इधर-उधर भटकना पड़ा।
लोनिवि ने नहीं दिया पुल पर ध्यान
गांववासियों का आरोप है कि लोनिवि को समस्या से पहले भी अवगत कराया जा चुका था, लेकिन अधिकारियों ने इस पुल की सुध नहीं ली। जब नदी ने पुल की अप्रोच को नुकसान पहुंचाना शुरू किया, तब जाकर अधिकारियों की कुंभकर्णी नींद टूटी। तब तक देर हो चुकी थी। बारिश का पानी पुल व हाइवे को अंदर ही अंदर खोखला कर डाला था। जिसकी वजह से हाइवे भी नीचे धंस गया।