अफजलगढ़ में सूरज नगर स्योहारा मार्ग पर फीका नदी के पास एक मादा गुलदार का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। विभाग के अधिकारियों का अनुमान है कि मादा गुलदार की मौत सड़क पार करते वक्त किसी वाहन के टकराने से हुई होगी। लेकिन हालातों को देखते ही यह भी लग रहा है कि कहीं उसे शिकारियों ने तो नहीं मारा है। ठाकुरद्वारा वन रेंज के अधिकारी ने मादा गुलदार के मौत के कारणों का पता लगाने के लिए शव को बरेली फोरेंसिक लैब भेजा है। मौत के कारणों का अभी तक पता नहीं लग पाया है। ठाकुरद्वारा वन रेंज के वन रक्षक बालकृष्ण कर्णवाल और वन दरोगा अनुज यादव ने बताया कि गुलदार की उम्र करीब चार साल के आसपास है।
वहीं चार दिन पहले धामपुर-स्योहारा मार्ग पर भी वाहन की चपेट में आने से एक गुलदार की मौत हो गई थी। आए दिन गुलदारों की मौत पर वन विभाग की परेशानियां बढ़ गई हैं।