नगीना (बिजनौर)। ट्रैक्टर-ट्राॅली की टक्कर से बृहस्पतिवार रात बाइक सवार उत्तराखंड हरिद्वार के श्यामपुर कांगड़ी निवासी जैकी (28) की मौत हो गई। हादसा नगीना देहात थाने के गांव जोगीरम्पुरी चौराहे पर हुआ। जैकी अपने दोस्त बॉबी (27) के साथ बाइक से मुरादाबाद के कांठ में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शिरकत करने गया था।
रात करीब 10:30 बजे घर वापस जाते समय नगीना देहात थाना क्षेत्र के ग्राम जोगीरम्पुरी चौराहे पर सामने से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्राॅली से सीधी टक्कर हो गई। इस घटना में बाइक पर सवार दोनों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी समीपुर नजीबाबाद भेज दिया। इलाज के दौरान जैकी की अस्पताल में मौत हो गई जबकि बॉबी को बिजनौर मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीओ डॉ. अजनी कुमार चतुर्वेदी का कहना है कि चालक ट्रैक्टर- ट्राॅली छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर ट्रैक्टर ट्राॅली को अपने कब्जे में ले लिया।