शिवालयों में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे
बिजनौर। श्रावन मास के प्रथम सोमवार को शिवालयों पर शिवभक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। शिवालयों पर हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे। भगवान शिव का दूध, गंगाजल और शहद से अभिषेक किया। बेल पत्र, पुष्प और धतूरा अर्पित कर परिवार में सुख शांति की कामना की। श्रद्धालुओं ने भगवान आशुतोष को प्रसन्न करने के लिए उपवास भी रखा।
शिवभक्त सुबह से ही शिव मंदिर पहुंचने लगे थे। दिन भर शिवभक्तों पर शिवालयों पर आना जाना लगा रहा। श्रद्धालुओं ने शिवालयों पर जलाभिषेक करने के बाद पूजा अर्चना की व प्रसाद चढ़ाया। गांव खारी में स्थित प्रसिद्ध झारखंडी मंदिर पर दूर दराज से शिवभक्त भी जलाभिषेक करने आए। बिजनौर, कस्बा झालू के अलावा आसपास के गांव देहात के श्रद्धालु शिवालय पर जलाभिषेक करने आते जाते रहे। शिव मंदिर पर सुबह से ही पुलिस भी तैनात रही। इसके अलावा गांव जलालपुर स्थित कुबड़ा शिव मंदिर पर भी सुबह से शिवभक्तों की भीड़ रही।
बिजनौर में गीता नगरी स्थित शिव मंदिर, कुटिया कॉलोनी शिव मंदिर, चौरासी घंटा मंदिर, पंचायती मंदिर, लाखन के घेर स्थित शिव मंदिर, काली मंदिर, लंगोटिया महाराज शिव मंदिर, कस्बा झालू स्थित मनोकामना शिव मंदिर, ठाकुरद्वारा मंदिर, रामलीला मैदान स्थित मंदिर महामृत्युंजय मंदिर, बड़ा बाजार स्थित शिव मंदिर, छतरी वाला कुआं स्थित शिव मंदिर पर शिव भक्तों ने जलाभिषेक किया। श्रावण के प्रथम सोमवार को भोले के भक्तों ने उपवास भी रखा व घर में पूजा अर्चना की।
बिजनौर में सावन के पहले सामवार को कुटिया कालोनी के प्राचीन शिव मंदिर पर लगी श्रृदालुओं की लाइन।- फोटो : BIJNOR