गन्ने के खेत में मिला अधजला शव
बिजनौर। पेदा के जंगल में एक युवक का अधजला शव बरामद हुआ है। तमाम प्रयास के बाद भी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। हत्या कर शव को कहीं से लाकर यहां फेंकने की आशंका जाहिर की जा रही है। फिलहाल पुलिस शव की शिनाख्त में जुटी हुई है। आस पास के जिलों की पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है।
शुक्रवार की देर शाम शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव पेदा के जंगल में रेलवे फाटक के पास 24 वर्षीय युवक का अधजला शव पड़ा मिला। गन्ने के खेत में मिले इस शव का ऊपर हिस्सा झुलसा हुआ था। अनुमान है कि ज्वलनशील पदार्थ डालकर जलाकर पहचान छुपाने का प्रयास किया गया। सूचना मिलते ही एसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह, सीओ सिटी अनिल कुमार, कोतवाल रविंद्र वशिष्ठ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। उधर शव की शिनाख्त नहीं हो सकी।
पुलिस के अनुसार कहीं दूसरी जगह हत्या कर शव को यहां लाकर फेंका गया है। आस पास के लोगों को बुलाकर भी शिनाख्त कराने प्रयास किया गया लेकिन पहचान नहीं हो सकी। प्रभारी निरीक्षक रविंद्र वशिष्ठ ने बताया कि गन्ने के खेत में शव पड़ा मिला है, जिसका आधा हिस्सा झुलसा हुआ है। फिलहाल शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। शिनाख्त होने के बाद ही हत्याकांड का खुलासा हो सकेगा। आस पास के जिलों की पुलिस से भी संपर्क साधा गया है।