बिजनौर। समाजवादी पार्टी ने शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की। सपा मुखिया एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बरेली मुरादाबाद सीट से बिजनौर के निवासी हाजी दानिश को प्रत्याशी बनाने की घोषणा की है। उनके प्रत्याशी बनने पर सपा के नेता, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं परिचितों ने बधाइयां दी।
बिजनौर शहर निवासी शिक्षक हाजी दानिश छात्र राजनीति से ही राजनीति में सक्रिय हैं। उन्होंने वर्ष 2020 में अटेवा की ओर से बरेली-मुरादाबाद सीट शिक्षक एमएलसी का चुनाव लड़ चुके हैं। चुनाव के बाद से ही वह सपा की राजनीति में सक्रिय हैं। सरल और मृदुल व्यवहार के हाजी दानिश लंबे समय से पत्रकारिता जगत से भी जुड़े हुए हैं।
वर्तमान में वह महात्मा गांधी मेमोरियल मुस्लिम इंटर कॉलेज किरतपुर में प्रवक्ता के पद पर तैनात है। उधर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष जाकिर हुसैन ने उनके प्रत्याशी बनने की पुष्टि करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रेस कांफ्रेंस में हाजी दानिश के प्रत्याशी बनाने की घोषणा की है।