- आम और गेहूं की फसल को नुकसान, गन्ने की बुवाई प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिले में तीन दिन से हो रही बारिश से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब बुधवार को बारिश के साथ ओले भी पड़े। ओले पड़ने से किसानों की मुश्किल और बढ़ गई है। कई क्षेत्रों अफजलगढ़, शिवाला कलां, नूरपुर क्षेत्र के गांव लिंडरपुर, जफराबाद, सुनगढ़ में भी बारिश के साथ ओले पड़े। बारिश और ओले पड़ने से गेहूं और आम की फसल काे नुकसान हुआ है।
नूरपुर क्षेत्र के गांव लिंडरपुर, जफराबाद, सुनगढ़ में करीब आधा घंटा जमकर ओले पड़े। घरों के आंगन में बर्फ का ढेर लग गया। जिसे देख लगा कि मानों बर्फ ही जम गई हो। ओले पड़ने से गेहूं और आम की फसल को काफी नुकसान हुआ है। ओले पड़ने से आम पेड़ से टूटकर नीचे गिर गया है। इसके अलावा ओले से आम पर दाग लगने की भी संभावना है। अफजलगढ़ क्षेत्र में भी दोपहर करीब एक बजे बारिश के साथ ओले पड़े। करीब 10 मिनट ओले पड़े। किसान मदन राणा, चौधरी विजेन्द्र सिंह, रामकरण सिंह, अंकित व विजयपाल आदि का कहना है कि बारिश अधिक होने से गन्ना अंकुरित ही नहीं होगा।
बारिश से सड़कों पर हुआ जलभराव, राहगीर रहे परेशान
बेगावाला। बारिश से रावली, मोहम्मदपुर मंडावली से बाकरपुर गढ़ी का मार्ग जलमग्न हो गया है। सड़कों में जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दस किलोमीटर के इस मार्ग से दर्जनों गांव जुड़े हुए हैं। खानजहांपुर बहादर निवासी अनुदीप चौधरी का कहना है कि इस सड़क को बनवाने के लिए वह मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री पोर्टल पर भी कई बार शिकायत कर चुके है। मगर सड़क नहीं बनी है। वहीं इसी गांव के सहदेव उपाध्याय, राकेश चौधरी, जयवीर चौधरी, चंद्रपाल सिंह आदि का कहना है बारिश होने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है।
जलभराव से पलटी ई-रिक्शा, कई लोग घायल
कासमपुरगढ़ी। कासमपुरगढी़, सीरबासुचंद से होकर जाने वाले मार्ग पर बारिश होने से सड़क पर पानी भर गया है। जिससे सड़क तालाब में तब्दील हो गई। सड़क पर पानी अधिक होने से कई ई-रिक्शा पलट गईं। जिससे चालक सहित कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए। बस स्टैंड मार्ग का तकरीबन आधा किलोमीटर लंबा टुकड़ा बुरी तरह क्षतिग्रस्त है। तीन दिन से हो रही बारिश से इस मार्ग ने तालाब का रुप ले लिया हैं। ई-रिक्शा पलटने से नरेश कुमार, अजीत सिंह, मनोज कुमार, विद्या देवी, सलमा शहनाज, सगीर अहमद आदि घायल हुए हैं।
बारिश होने से जनजीवन हुआ प्रभावित
नींदडू। पिछले चार दिनों से रुक रुककर हो रही बारिश के कारण ठंडक बढ़ने से जन जीवन प्रभावित है। बुधवार को लगने वाला साप्ताहिक बाजार भी बारिश की वजह से प्रभावित रहा। अथर हुसैन, राजाराम, इकबाल अहमद तथा आरिफ आदि किसानों का कहना है कि बारिश से खेत में खड़े या कटे पड़े गेहूं को नुकसान हुआ। भूमि गीली होने से गन्ने की बुआई में विलंब सुनिश्चित है।
दुकानों के अंदर घुस गया बारिश का पानी
बढ़ापुर। बारिश होने से कस्बे की सड़कें जलमग्न हो गई। बुधवार की सुबह से रुक-रुककर हो रही बारिश से यहां का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। बारिश का पानी कस्बे की कई दुकानों के भीतर घुस गया। जिसके चलते दुकानदारों को कठिनाई का सामना करना पड़ा। नकटा नदी व पहाड़ा नदी का जलस्तर बढ़ने पर लोगों को जैसे तैसे नदी पार करनी पड़ी है।