धामपुर के कृषि बीज भंडार पर जिप्सम पावडर के बोरों की खरीदारी करते किसान।
- फोटो : DHAMPUR
अनुपयोगी जमीन को कृषि योग्य बनाएगा जिप्सम
धामपुर। किसानों की अनुपयोगी भूमि को जिप्सम कृषि योग्य बनाएगा। कृषि विभाग ने जनपद के सभी कृषि बीज भंडारों पर पर्याप्त मात्रा में जिप्सम उपलब्ध कराया है। इसका 25 से 30 किलोग्राम प्रति बीघा के हिसाब से छिड़काव करने से अनुपयोगी, बंजर व ऊसर जमीन को उपजाऊ बनाया जा सकता है। सरकार की ओर से इसको 75 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
धामपुर सरकारी बीज भंडार के प्रभारी मनीष कुमार सिंह ने बताया कि जिले में करीब 11 सरकारी बीज भंडार संचालित हैं। विभाग की ओर से अनुपयोगी जमीन को उपजाऊ बनाने के लिए पर्याप्त मात्रा में जिप्सम पाउडर उपलब्ध कराया गया है। धामपुर के बीज भंडार पर अब तक 330 क्विंटल जिप्सम की आवक हो चुकी है। अब तक करीब 20 क्विंटल से ज्यादा जिप्सम की बिक्री हो चुकी है। सामान्य तौर पर जिप्सम का मूल्य 440 रुपये प्रति क्विंटल है। लेकिन सरकार की ओर से किसानों को 75 प्रतिशत के अनुदान पर उपलब्ध कराया जा रहा है। जिप्सम पाउडर में कैल्शियम, सल्फर की मात्रा ज्यादा होती है। जो जमीन की उपजाऊपन के लिए जरूरी है। धामपुर तहसील क्षेत्र में बंजर भूमि का क्षेत्रफल जिले की अन्य तहसीलों की तुलना में अपेक्षाकृत कम है। फिर भी किसान इसका प्रयोग कर खेतों को और उपजाऊ बना सकते हैं।