बिजनौर। भारतीय किसान यूनियन की सोमवार को हुई पंचायत में किसानों ने जिले में बढ़ते गुलदार के आतंक से निजात दिलाने, गेहूं क्रय केंद्रों पर खरीद की उचित व्यवस्था कराने, बकाया भुगतान कराने आदि समस्याओं के निदान की मांग की गई। बाद में संगठन की ओर से मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा।
भाकियू जिलाध्यक्ष चौधरी सत्यवीर सिंह की अध्यक्षता एवं जिला मुख्य महासचिव विजय पहलवान के संचालन में गन्ना समिति प्रांगण में हुई पंचायत में समस्या के समाधान को रणनीति बनाई गई। राष्ट्रीय प्रचार मंत्री होशियार सिंह ने किसानों की समस्याओं को उठाया। जिलाध्यक्ष चौधरी सत्यवीर सिंह व प्रदेश महासचिव ठाकुर राम अवतार सिंह ने कहा कि जिले में पूर्व से गुलदारों का बहुत आतंक फैला हुआ है, जिससे कई किसानों की जान भी जा चुकी है। गुलदार जगह-जगह पर देखे जा रहे हैं, इन्हें जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है। चौधरी सत्यवीर सिंह ने कहा कि पूरे जिले में भारतीय किसान यूनियन का सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। पंचायत में चौधरी विरेंद्र सिंह, चौधरी महेंद्र सिंह, विजय चौधरी, कोमल सिंह, संदीप त्यागी, मनप्रीत सिंह, सुनील प्रधान, अमरपाल सिंह, मुकुल आदि ने विचार व्यक्त किए।