अफजलगढ़। जंगली जानवरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आबादी वाले इलाके में गुलदार की लगातार चहल कदमी से ग्रामीण भयभीत हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने की मांग की है।
गांव बहादरपुर निवासी कमलेश, सूरज, शांति, संजीव, कुक्कू, राशिद, लियाकत तथा शहजाद सहित अनेक ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार को शाम करीब साढ़े पांच बजे गांव से सटे खेतों में गुलदार को देखा गया। उन्होंने बताया कि दो ग्रामीण खेत से चारा लेकर आ रहे थे। अचानक खेत के किनारे स्थित चकरोड पर खड़े गुलदार पर नजर पड़ते ही वह बुरी तरह घबरा गए। शोर-शराबा शुरू कर दिया। शोर मचने पर आसपास खेतों में मौजूद किसान एकत्र हो गए। मौके पर पहुंच मशक्कत के बाद बामुश्किल गुलदार को खदेड़ा। ग्रामीणों ने गांव के इर्द गिर्द लगातार गुलदार की मौजूदगी के चलते हमले की आशंका जताते हुए वन विभाग के अधिकारियों से उसको पकड़ कर जंगल में छुड़वाये जाने की मांग की है। उधर, डिप्टी रेंजर श्यामलाल यादव ने शीघ्र ही समस्या के समाधान का प्रयास किये जाने की बात कही है।