कांवड़ यात्रा मार्ग पर गुलदार की दहशत
बिजनौर। कांवड़ियों की निगरानी के लिए जिले भर में वन विभाग और पुलिस की टीम तैनात रहेगी। जहां पर गुलदार सड़क व खेतों पर दिखने के मामले सामने आएंगे वहां विशेष निगरानी रखी जाएगी। गांव वालों को गुलदार से सुरक्षा के लिए पहले ही सचेत किया जा रहा है।
जिले में गुलदार दिखने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। हाल ही में अफजलगढ़ में गुलदार के हमले में दो बच्चों की जान जा चुकी है। दो गुलदार भी वन विभाग की टीम पिंजरे में कैद कर चुकी है। मंडावर, अफजलगढ़, रेहड़, हीमपुरदीपा क्षेत्र में गुलदार देखने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान गुलदार से कांवड़ियों की सुरक्षा बड़ी चुनौती है। जिले की सड़कों पर इस समय रात दिन कांवड़िए चल रहे हैं। कांवड़ियों के जत्थे के साथ बच्चे भी रहते हैं। इसके अलावा जब जिले में कांवड़ आ जाती हैं तो शिवभक्त रात भर उन्हें लेकर घूमते हैं। ऐसे में वन विभाग और पुलिस मिलकर काम कांवड़ियों की सुरक्षा करेगी। कांवड़ियों के रास्ते में गुलदार प्रभावित क्षेत्र में पुलिस व वन विभाग की टीम अतिरिक्त गश्त करेगी।
मंडावर में चंदक रोड, बालावाली रोड पर कांवड़ियों की आवाजाही रहती है। इसके अलावा अफजलगढ़ में पथरिया के पुल, बिरलाफार्म मार्ग, सलावतनगर भागीजोत मार्ग, मेघपुर मार्ग, हरेवली मार्ग पर पड़ने वाली नहर के पुल, रसूलाबाद चकफेरी मार्ग, कादराबाद नबाबपुरा मार्ग गांव तुरतपुर के समीप, नबाबपुरा कटारमल मार्ग, कालागढ़ मार्ग से मुरलीवाला जाने वाले मार्ग, मुरलीवाला से लड्डू वाला जाने वाले मार्ग, भिक्कावाला से कल्लूवाला मार्ग, बादीगढ़ से हर्रायवाला मार्गों, उदयपुर से सादकपुर मार्ग आदि पर स्थानीय कांवड़िए गुजरेंगे। यहां पर कई बार गुलदार देखा जा चुका है।
ऐसे बरतें सावधानी
- हो सके तो रात में बच्चों को लेकर न घूमें।
- रात में कांवड़ लेकर जंगल के मार्गों पर न जाएं।
- रात को खेतों में निकलते हुए शोर करें।
कर रहे जागरूक : डीएफओ
डीएफओ डॉ. एम सेम्मारन के अनुसार महाशिवरात्रि को लेकर सभी रेंजर को विशेष चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। गांव वालों को भी जागरूक किया जा रहा है।