अफजलगढ़। धामपुर मार्ग मिल के समीप गुलदार की आमद से लोगो में भय व्याप्त है। गुलदार ने बृहस्पतिवार शाम खेत पर गए दो लोगो को दौड़ाया। दोनों ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। नगर के मोहल्ला बेगमसराय निवासी आयुष और तारिक बृहस्पतिवार शाम धामपुर मार्ग सीओ ऑफिस के समीप अपने खेतों पर गए थे। अचानक उनकी निगाह खेत में दो शावकों के साथ गुर्राते हुए गुलदार पर पड़ी। दोनों ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। क्षेत्रवासी आयुष, तारिक, नरेशकांत व भीम सिंह आदि का कहना है कि गुलदार यहां लगातार नजर आ रहा है, जिससे क्षेत्र में भय व्याप्त है। उन्होंने इस संबंध में वन कर्मियों से शिकायत की, किन्तु कोई सुनवाई नहीं हो रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से गुलदार को पकड़कर वन क्षेत्र में छुड़वाने की मांग की है। वन दरोगा सुनील राजौरा ने लोगों से सतर्कता बरतने व टीम भेजे जाने की बात कही है।