- गांव रतनपुरा के लोगों में दहशत, वन विभाग से गुलदार को पकड़ने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
स्योहारा। ग्रामीण क्षेत्र में इन दिनों गुलदार की दहशत बनी हुई है। आए दिन गुलदार गांव के आसपास नजर आ रहा है। गांव रतनपुरा में दिन में ही गुलदार ने एक घेर में बंधी चार बकरियों पर हमला कर निवाला बना डाला। शोर मचाने पर एक बकरी को उठा कर ले गया। गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। पशुपालकों को रातभर जाग कर मवेशियों की रखवाली करनी पड़ रही है।
सोमवार दोपहर को गुलदार ने गांव निवासी अय्यूब पुत्र जमील अहमद के घर के अंदर बंधी बकरियों के झुंड पर हमला कर चार बकरियों को मार दिया। जिस समय गुलदार ने बकरियों के झुंड पर हमला किया उस समय घर पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। बकरियों का शोर सुनकर आसपास के लोग घर की ओर दौड़ पड़े। भीड़ को अपनी ओर आता देख गुलदार एक बकरी को लेकर भाग निकला। ग्रामीणों ने घटना की सूचना मवेशियों के मालिक को दी।
सूचना मिलते ही अय्यूब परिजनों सहित घर पर पहुंच गया। गुलदार द्वारा दिन में ही घर में बंधी बकरियों पर हमला करने की घटना से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। गुलदार के भय से ग्रामीण झुंड में मवेशियों के लिए चारा लाने के लिए मजबूर है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने की मांग की है।