गुलदार ने प्रेमपुरी में छह साल के बच्चे को मार डाला
मंडावली/नजीबाबाद(बिजनौर)। प्रेमपुरी में गुलदार द्वारा खाए छह वर्षीय चेतन का शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। गुलदार सोमवार को एक बालिका को गंभीर रूप से घायल कर छह वर्षीय बालक को उठा ले गया था। आदमखोर गुलदार से प्रेमपुरी के ग्रामीण भयभीत हैं।
मंडावली थाना क्षेत्र के गांव प्रेमपुरी के नजदीक भूरे के खेत से गुलदार द्वारा उठाकर ले गए छह वर्षीय चेतन का शव मिला। चेतन का सिर से नीचे का आधा शरीर गुलदार ने खा लिया था। सीओ प्रवीण कुमार सिंह, मंडावली थानाध्यक्ष संदीप त्यागी ने आसपास के थानों की पुलिस और ग्रामीणों के साथ सोमवार की देर रात तक कॉंबिंग कर गुलदार द्वारा उठाकर ले गए चेतन की तलाश की थी। मंगलवार की तड़के चेतन के पिता और परिजनों को गांव से 250 मीटर के फासले पर भूरे के खेत में शव मिला था। शव मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया है। घटनास्थल पर पहुंचे वन विभाग के रेंजर गजेंद्र सिंह यादव ने चेतन के पिता गीताराम को अंतिम संस्कार के लिए 10 हजार रुपये दिए। वन अधिकारी ने परिजनों को शासन से पांच लाख रुपये दिलाने का भी आश्वासन दिया।
उधर चेतन को उठाने से पूर्व गुलदार ने हरविंदर की ढाई वर्षीय इशिका पर भी हमला किया था। इशिका के चाचा छतरपाल ने शोर मचाने पर गुलदार भाग गया था। नजीबाबाद के प्राइवेट नर्सिंग होम में उपचार चल रहा है। रविवार को अकबरपुर चौगांवा में गुलदार ने हमला करके राहुल के तीन वर्षीय पुत्र रोहांश को गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
वन विभाग बढ़ाएगा रात्रि गश्त
नजीबाबाद। साहनपुर वन रेंज के रेंजर गजेंद्र सिंह यादव ने गुलदार के आतंक से भयभीत ग्रामीणों को रात्रि में गश्त बढ़ाने तथा गुलदार को पकड़ने के लिए शीघ्र पिंजरा लगाने का आश्वासन दिया है।