बरखेड़ा गांव निवासी किशोर चार दिन पूर्व गांव रेहरा में मामा के यहां आया था
ग्रामीणों ने वन विभाग से मुआवजे की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
हीमपुर दीपा (बिजनौर)। रेहरा गांव में बच्चों के साथ जंगल गए किशोर को गुलदार ने हमला कर मार डाला। घटना की सूचना पर ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े। उन्होंने वन विभाग से मुआवजे की मांग की। इस साल जिले में गुलदार के हमले में यह 18वीं मौत है।
थाना बढ़ापुर के बरखेड़ा गांव निवासी अलफेज (14) पुत्र शमीम चार दिन पूर्व अपने मामा इमरान के गांव रेहरा आया था। परिजनों के मुताबिक अलफेज बृहस्पतिवार की दोपहर साथी बच्चों के साथ खेलते हुए गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर जंगल में चला गया। किसान अकरम के गन्ने के खेत में खड़े अमरूद के पेड़ के पास खेलते वक्त गुलदार ने उस पर हमला कर मार डाला।
अलफेज के न मिलने पर साथी बच्चों ने गांव पहुंच कर उसके मामा इमरान को जानकारी दी। ग्रामीण इकट्ठा होकर किशोर की तलाशने निकल पड़े। अमरूद के पेड़ से सौ मीटर दूर गन्ने के खेत में किशोर मृत हालत में पड़ा मिला। गले पर गहरे घाव के निशान थे। मौके पर टीम के साथ पहुंचे वन रेंजर दुष्यंत कुमार से परिजनों ने मुआवजे की मांग की।
कई दिन से दिखाई दे रहा था गुलदार
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में काफी समय से गुलदार दिखाई दे रहा है। गांव मिर्जापुर खादर से रामगोपाल की बकरी, सब्दलपुर से मनोज कुमार की बकरी, गांव के ही दिलशाद पर हमला आदि घटनाएं गुलदार कर चुका है। इसकी सूचना वन विभाग को कई बार कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति भारी आक्रोश था।