- चार आरोपियों को फिर से किया गया गिरफ्तार
- ग्राम प्रधान समेत तीन को नामजद करते हुए दर्जनों के खिलाफ दर्ज हुआ था केस
संवाद न्यूज एजेंसी
शिवाला कलां। नुरपुर में आरएसएस के स्वयं सेवकों की बस पर पथराव और मारपीट करने के मामले में अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। हालांकि इनमें चार आरोपियों को फिर से गिरफ्तार किया गया है। दरअसल, पहली बार गिरफ्तार करते हुए उनका मामूली धाराओं में चालान कर दिया गया था।
सोमवार की देर शाम में कस्बा नूरपुर से राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यकर्ता निजी बस में सवार होकर दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान केंद्र मथुरा जा रहे थे। खालसा इंटर कॉलेज नूरपुर में कुछ युवकों ने बस पर पथराव कर दिया था। चालक ने बस नहीं रोकी। मंडी समिति के निकट बस रोक कर बस में बैठे कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई। इस मामले में राष्ट्रीय स्वयं सेवक के कार्यकर्ता नगर के संपर्क प्रमुख उदयवीर सिंह त्यागी ने पीपला शाह के ग्राम प्रधान शाह आलम, उसके भाई अकरम तथा काले को नामजद करते हुए दर्जनों अज्ञात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने इस मामले में एक किशोर समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान किया था।
मामूली धारा में चालान होने पर इन्हें कोर्ट से जमानत मिल गई। इसे लेकर पुलिस अफसर सख्त हो गए। इसके चलते चार आरोपियों को बृहस्पतिवार को फिर से गिरफ्तार किया। बृहस्पतिवार को जिला मुजफ्फरनगर के गांव किथौरा के रहने वाले मोहम्मद आफताब, जुबैर, नसीम और नूरपुर के मोहल्ला बंजारन के रहने वाले मूसा मलिक, फरदीन और समद तथा नूरपुर के मोहल्ला इस्लामनगर निवासी फैजुल इस्लाम एवं इस्लामुद्दीन को गिरफ्तार किया गया है। अब इनका गंभीर धाराओं में चालान कर दिया गया है।