गुलदार ने माहे को मारा, किसान पर बोला हमला
मंडावली/नजीबाबाद(बिजनौर)। किसी न किसी गांव में घुसकर गुलदार हर रोज अपना शिकार तलाश रहा है। गांव नियामतपुर के जंगल में गुलदार ने माहे का मार डाला। गांव शेखुपुरा आलम में किसान के खेत से गुलदार कुत्ते को उठाकर ले गया। गुलदार के हमले से किसान और उसका पुत्र बाल-बाल बचा। ग्रामवासियों ने वन कमियों से पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की मांग की है।
शनिवार को गांव नियामतपुर निवासी किसान बहादुर के गन्ने के खेत में गुलदार ने माहे को मार डाला। रविवार सुबह बहादुर ने खेत में गुलदार द्वारा निवाला बनाए गए माहे के अवशेष को देखा। जितेंद्र सिंह, कामेंद्र सिंह, नरेंद्र कुमार, सोमपाल, ओमपाल ने घटना स्थल पर पहुंचकर वन कर्मियों को सूचना दी। गांव शेखुपुरा आलम निवासी किसान फूल सिंह का पुत्र मोहित अपने पालतू कुत्ते के साथ खेत पर गया था। शुक्रवार शाम करीब छह बजे गन्ने के खेत से निकलकर गुुलदार ने उन पर हमला बोल दिया। गुलदार के हमले से मोहित बाल-बाल बच गया, लेकिन गुलदार मोहित के कुत्ते को उठा ले गया। मोहित शोर मचाता हुआ गांव पहुंचा। चमन सिंह, फूल सिंह, मुन्नू, शिवम, चमन चौहान, नेतराम, धर्मवीर, सुमित रोहिताश आदि खेत पर पहुंचे। लेकिन तब तक गुलदार से भाग निकाला।
ग्रामीणों की सूचना पर सामाजिक वानिकी टीम के नितेश, दरोगा रईस मलिक, चौकीदार ओमपाल आदि घटना स्थल पहुंचे और गुलदार के पदचिह्नों का निरीक्षण किया। ग्रामवासियों ने वन कर्मियों को गुलदार द्वारा निवाला बनाए गए कुत्ते को दिखाया। ग्रामवासियों का कहना है कि कई दिन से गुलदार गांव में घुसकर अपने शिकार तलाश रहा था। ग्रामवासियों ने गांव के पास पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की मांग वन कर्मियों से की है।