संवाद न्यूज एजेंसी
अफजलगढ़। गांव माननगर में गुलदार का भय बना हुआ है। चारा काटने गए ग्रामीण गुलदार के गुर्राने की आवाज सुनकर वापस लौट आए। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से गुलदार को पकड़कर वन क्षेत्र में छुड़वाने की मांग की है।
बृहस्पतिवार को नौबत, जयप्रकाश जय सिंह, नृपेंद्र, नंदराम, राजेन्द्र डालचंद, विरजो व सविता आदि शाम चार बजे के करीब खेतों में चारा काटने के लिए गए थे। अचानक उन्हें खेत के अंदर से गुलदार के गुर्राने की आवाज सुनाई दी, जिस पर सभी लोग डर की वजह से वापस लौट आए। ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार के डर से खेतों पर जाना दूभर हो रहा है।वहीं स्कूल जाने वाले बच्चों को लेकर भय बना हुआ है। ग्रामीण ने वन विभाग के अधिकारियों से गुलदार को पकड़कर वन क्षेत्र में छुड़वाने की मांग की है।