क्षेत्र के गांव मुस्तफापुर में सड़कों पर विचरण करता गुलदार
- गांव में घुसे गुलदार ने कुत्ते को बनाया निवाला, ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग काे दी सूचना
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
शेरकोट। गुलदार रविवार रात गांव मुस्तफापुर तैयब की गोशाला में घुस गया। गुलदार ने गायों पर हमला करने से पहले गुर्राने का प्रयास किया तो इस दौरान गुर्राहट की आवाज सुन वहां पर सो रहे लोगों की आंख खुल गई। लोगों ने एकदम वहां पर पहले से रखे पटाखों को छोड़ना शुरू कर दिया। पटाखों की आवाज सुनकर गुलदार वहां से भाग कर गांव में घुस गया। वहां उसने एक कुत्ते को निवाला बना लिया।
क्षेत्र गांव के मुस्तफापुर तैयब में विकास विभाग की ओर से गोशाला का संचालन किया जा रहा था। वर्तमान में विभाग की ओर से गोशाला का संचालन शेरकोट की माधव गो सेवा समिति की ओर से किया जा रहा है। गोशाला में 40 गोवंशीय पशु हैं। समिति सदस्य मोहन सिंह, प्रमोद कुमार, अमित कुमार, सतीश कुमार, करमवीर सिंह, राजेश कुमार, अतुल वीर सिंह का कहना है कि रविवार रात करीब 12 बजे जैसे ही गुलदार ने गोशाला में घुसकर पशुओं को देख गुर्राने का प्रयास किया तो उनकी आंंखें खुल गईं।
ऐसे में उन्होंने गायों को बचाने के लिए कई राउंड पटाखे छोड़े। पटाखों की आवाज सुन गुलदार वहां के भागकर गांव में जा घुसा। इस दौरान गुलदार एक कुत्ते को उठाकर ले गया। गुलदार की यह गतिविधि सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। समिति के सदस्यों का कहना है कि गुलदार की आवक से ग्रामीणों में दहशत है। गोशाला के सदस्यों ने विकास विभाग से गोशाला के चारों ओर चहारदीवारी या फिर कंटीले तार की बाड़ कराने की मांग की है।