कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के करौंदा पचदू गांव में बाहरी छोर पर बने मकान में पांच फीट ऊंची दीवार फांदकर गुलदार घुस आया। गुलदार को घर के अंदर देख महिला ने दरवाजा बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी। पांच घंटे की मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने गुलदार को मकान के अंदर से निकालकर पिंजरे में कैद कर लिया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को 12:00 बजे गांव करौंदा पचदू निवासी अय्यूब की पत्नी आयशा घर के आंगन में खाना बना रही थी, तभी पास के खेत से आया एक गुलदार चारदीवारी फांदकर घर में घुस आया। गुलदार को घर में घुसता देख महिला के होश उड़ गए, मगर उसने हिम्मत जुटाकर मकान का जालीनुमा दरवाजा बंद करके बाहर से कुंडा लगा दिया। गुलदार को घर में बंद करके शोर मचाया, जिस पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
गुलदार को देखने के लिए भी तमाम ग्रामीण मौके पर आ गए। उधर पुलिस और वन विभाग को सूचना दी गई। करीब एक बजे नगीना तहसीलदार अजब सिंह के नेतृत्व में कानूनगो नरेंद्र राणा, वन दरोगा लक्ष्मी चंद, सुनील राजोरा जगत सिंह राणा और पुलिस मौके पर पहुंची। तीन घंटे तक टीम परेशान रही। करीब चार बजे टीम ने बाहर पिंजरा लगाकर मकान के दरवाजे के खोला। इसके 45 मिनट बाद गुलदार मकान से निकलकर पिंजरे में आकर बैठ गया। गुलदार पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
मकान में बैठा रहा शांत, पिंजरे में आकर गुर्राया
करीब 12 बजे महिला बाहर से कुंडी लगाकर गुलदार को कमरे में बंद कर चुकी थी। इसके बाद चार बजे तक कमरे में शांत बैठा रहा। कोई हरकत नहीं होती देख टीम ने माना कि गुलदार कमरे की दीवार में बने झरोखे से निकलकर भाग गया होगा। करीब चार बजे दरवाजे में झांकने पर उसकी पूंछ दिखाई दी।
इसके बाद टीम को गुलदार के अंदर होने का विश्वास हुआ, जिसके चलते चार बजे पिंजरा लगाया गया। 45 मिनट इंतजार करने के बाद दरवाजा खुला देख गुलदार खुद ही बाहर आया और पिंजर में दाखिल हो गया। पिंजरे में आने के बाद गुलदार तेज आवाज में गुर्राया।