बिजनौर: नूरपुर-मुरादाबाद रोड पर सड़क हादसे में मरा गुलदार।
- फोटो : BIJNOR
वाहन की चपेट में आकर गुलदार की मौत
नूरपुर (बिजनौर)। मुरादाबाद रोड पर गांव पूरनपुर स्याना के पास किसी वाहन की चपेट में आकर गुलदार की मौत हो गई।
बुधवार रात सड़क पार करते समय एक गुलदार किसी वाहन की चपेट में आ गया। दुर्घटना में गुलदार की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले युवकों ने सड़क पर गुलदार को देखा। ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और वनविभाग को सूचित किया। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर साथ ले गई। वन अधिकारियों के अनुसार गुलदार की उम्र एक वर्ष के करीब है। सड़क पार करते समय किसी वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है। उधर, गुलदार का शव मिलने से गांव में दहशत है। ग्रामवासियों को लग रहा है कि मरने वाला गुलदार अकेला नही होगा। जंगल में और भी हो सकते हैं।
बिज्जू को नलकूप के झेरे से निकाला
हीमपुर दीपा। हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के गांव सब्दलपुर में बृहस्पतिवार को किसान वहीद के जंगल में बने नलकूप के झेरे में कोई जानवर पड़े होने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। बड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाल गया। जानवर की पहचान ग्रामीणों ने बिज्जू के रूप में की। ग्रामीणों ने बिज्जू को वहीं जंगल में छोड़ दिया है।