रतनपुर रियाया में मिले गुलदार के पंजों के निशान
बिजनौर। रतनपुर रियाया गांव मोहंडिया के पास में ही है। 26 दिसंबर को गांव मोहंडिया में शफीक को मारने से कुछ देर पहले गुलदार ने गांव रतनपुर रियाया के जंगल में एक किसान पर हमला किया था। शुक्रवार को किसान सत्येंद्र कुमार अपने परिवार के धर्मेंद्र राठी, जितेंद्र कुमार, सुधीर कुमार के साथ खेत में गन्ना छिलने के लिए गए थे। वहां उन्हें गुलदार के पदचिह्न दिखाई दिए। खेत से थोड़ी दूरी पर नीलगाय के पंजों के निशान भी दिखे। ग्रामीणों का मानना है कि गुलदार नीलगाय का शिकार करने के लिए इधर आया होगा। पदचिह्न देखने से लगता है कि खेत में दो गुलदार थे। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम गांव में पहुंची और जांच पड़ताल की। डीएफओ डॉ. एम सेम्मारन का कहना है कि मादा गुलदार को पकड़ने की पूरी कोशिश की जा रही है। गुलदार का वन्य जीवों का शिकार करना स्वाभाविक है। जितना गुलदार जंगल में वन्य जीवों का शिकार करेगा उतना ही वह गांवों की ओर कम रुख करेगा।