- गांव शाहपुर जमाल में हर दिन दिखाई दे रहा गुलदार, ग्रामीणों में दहशत
संवाद न्यूज एजेंसी
अफजलगढ़। गांव शाहपुरजमाल में गुलदार खेत पर गन्ने की खोदाई करने गए ग्रामीणों के सामने आ खड़ा हो गया। गुलदार को देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने फावड़े टकराकर व शोर मचाकर गुलदार को वहां से खदेड़ा। गुलदार ने कुछ ही दूरी पर खेत में चारा काट रहे युवक पर झपट्टा मारा। युवक गुलदार के हमले से बाल-बाल बचा और वहां से भाग निकला।
गांव शाहपुरजमाल में हर दिन कहीं न कहीं ग्रामीणों का सामना गुलदार से हो रहा है। ग्रामीण विपुल अमित, विरेंद्र, जय सिंह, जयवती, विमला आदि गांव के समीप ही मंगलवार को अपने खेतों में गन्ने की खोदाई कर रहे थे। अचानक उनकी नजर पास में गुर्राते हुए गुलदार पर पड़ी। गुलदार को देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। उन्होंने आपस में फावड़े टकराए व शोर मचाया तब गुलदार वहां से खेतों में चला गया। वहीं, कुछ दूरी पर गांव निवासी अमित चारा काट रहा था। गुलदार ने उस पर झपट्टा मारा।
इस घटना के बाद खेतों में काम कर रहे सभी लोग गांव लौट आए। ग्रामीणो ने वन विभाग के अधिकारियों से गुलदार को पकड़वाने की मांग की है। वन दरोगा जगत सिंह राणा का कहना है कि गांव में पिंजरा लगा है। गुलदार को पकड़ने के लिए प्रयास किए जा रहे है। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्कता बरतने और समूह बनाकर खेतों पर जाने का सुझाव दिया है।