बिजनौर जिले के मंडावर में गुलदार की दहशत बरकरार बनी हुई है। हर रोज कहीं ना कहीं गुलदार दिखाई दे रहे हैं। अब एक गुलदार स्कूली वैन के सामने आकर सड़क को पार करते हुए दिखाई दिया है। गुलदार की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत बन चुकी है।
बुधवार को काजीवाला-इनामपुरा मार्ग पर एक स्कूली वैन जा रही थी। उसमें बच्चे नहीं थे। महेंद्र सिंह के खेत में सड़क किनारे गुलदार दिखाई दिया। गुलदार को देखते ही वैन चालक ने गाड़ी की गति कम कर ली। गुलदार धीरे धीरे आगे बढ़ना लगा। चालक ने उसकी वीडियाे बना ली।
कुछ देर तक वह स्कूली वैन के साथ साथ सड़क किनारे आगे बढ़ता हुआ नजर आया। करीब एक मिनट के बाद गुलदार ने स्कूली वैन के सामने से सड़क पार की और गन्ने के खेत में घुस गया। ग्रामीणों को गुलदार की दस्तक की जानकारी लगी तो खौफजदा हो गए। गांव वालों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़वाने की मांग की है।