नजीबाबाद के गांव हाजीपुर में गुलदार के हमले से घायल युवक अनुज।
- फोटो : NAZIBABAD
हाजीपुर में गुलदार ने युवक पर किया हमला
नजीबाबाद। गांव हाजीपुर उर्फ अल्हैपुर में गुलदार ने एक युवक पर हमला कर दिया। युवक ने साहस का परिचय देकर फावड़े से बचाव करते हुए गुलदार से मुकाबला कर अपनी जान बचाई। गुलदार के हमले से मामूली रूप से घायल युवक काफी देर तक बेहोश रहा।
गांव हाजीपुर उर्फ अल्हैपुर निवासी 18 वर्षीय अनुज कुमार बुधवार सुबह गांव के निकट मलकपुर क्षेत्र में अपने खेत पर काम कर रहा था। अचानक गुलदार ने युवक पर हमला बोल दिया। युवक ने साहस का परिचय देते हुए फावड़े से ही बचाव करते हुए गुलदार से मुकाबला किया। गुलदार के पंजे सीने और पेट पर लगने के वह घायल हो गया। जिसके बाद गुलदार जंगल की ओर भाग गया। क्षेत्रीय ग्रामीणों चौधरी लोकेंद्र सिंह एड., डालचंद, नंदन, धर्मपाल, ललित कुमार ने घटना की जानकारी एसडीएम परमानंद झा को दी। गांव में काफी समय से गुलदार के देखे जाने और युवक पर गुलदार द्वारा हमला करने से ग्रामीणों में दहशत है। एसडीएम ने वन क्षेत्राधिकारी को घटना की सूचना देते हुए गुलदार से ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।