गांव मटौरामान का मामला, गंभीर हालत में युवक हायर सेंटर रेफर
गांव के ही चार युवकों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज
पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ
संवाद न्यूज एजेंसी
धामपुर (बिजनौर)। गांव मटौरामान में बरात में डीजे के डांस पर हुए कहासुनी में दूल्हे के तहेरे भाई सचिन प्रजापति को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही चार युवकों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है।
गांव मटौरामान निवासी पंकज प्रजापति की बरात शनिवार रात क्षेत्र के धामपुर के एक मंडप में आई थी। डीजे पर युवक डांस कर रहे थे। इस दौरान किसी बात को लेकर दुल्हे के तहेरे भाई सचिन प्रजापति और गांव के ही चार युवकों के बीच डीजे पर डांस को लेकर कहासुनी हो गई। उस वक्त अन्य लोगों ने हस्तक्षेप कर विवाद को खत्म कर दिया।
आरोप है कि देर रात 1:30 बजे सचिन प्रजापति घर लौट रहा था। इस दौरान चार युवकों ने उसे गोली मार दी। गोली सचिन की बायी जांघ में लगी है। गंभीर हालत में घायल सचिन को धामपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद घायल को हायर सेंटर रेफर कर दिया। ग्रामीणों ने बताया शराब के नशे में आपस में दोनों पक्षों में कहा सुनी हुई थी।
इनके खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट
पुलिस क्षेत्राधिकारी सर्वम कुमार ने बताया कि नामजद आरोपियाें में गांव मटौरामान के अनिल कुमार पुत्र जगदेव सिंह, आशु पुत्र कावेंद्र सिंह, अनुज पुत्र घसीटा व लक्की उर्फ लखवेंद्र सिंह पुत्र विजयपाल सिंह शामिल है। इनके खिलाफ रिपोर्ट कायम कर ली गई है। चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है।