बिजनौर, जलालाबाद। घुड़चढ़ी के दौरान दूल्हे की भाभी जनरेटर की चपेट में आई गई। जिससे महिला की मौत हो गई। महिला की मौत परिवार की खुशियां मातम में बदल गई। शुक्रवार को बैराज पर महिला का अंतिम संस्कार किया गया।
जलालाबाद क्षेत्र के गांव मोचीपुरा निवासी में मेद सिंह के पुत्र सुंदर कुमार की बृहस्पतिवार की दोपहर घुड़चढ़ी थी। परिवार और ग्रामीण डीजे के साथ गांव के मंदिर पर प्रसाद चढ़ाने जा रहे थे। उसकी दौरान दूल्हे की भाभी भूरी देवी (35) पत्नी रजनीश जनरेटर की चपेट में आ गई। जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन आनन-फानन में उसे किरतपुर के निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
भूरी देवी के देवर सुंदर कुमार की बरात उत्तराखंड के कोटद्वार जानी थी। घुड़चढ़ी के दौरान छोटा हाथी वाहन के पीछे जनरेटर बंधा हुआ था, जिससे डीजे बज रहा था। मंदिर के पास पहुंचने पर भूरी देवी की साड़ी जनरेटर की चपेट में आ गई। महिला की मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शुक्रवार को बिजनौर गंगा बैराज पर महिला का अंतिम संस्कार कर दिया।