बिजनौर, नगीना। नगीना में एक सप्ताह पूर्व चिकित्सक के घर पर हुई लूट की घटना में चिकित्सक का कंपाउंडर ही मास्टरमाइंड निकला। पुलिस ने लूट की घटना का खुलासा करते हुए कंपाउंडर व उसके साथी को घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पांच अप्रैल की शाम को नगर के पंजाबी कॉलोनी निवासी चिकित्सक डॉक्टर आनंद गहलोत के घर में 25 हजार रुपये लूट की घटना होने के संबंध में एक मुकदमा पंजीकृत हुआ था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने सर्विलांस टीम व सीसीटीवी कैमरे की मदद से नगर के एक मोहल्ला निवासी गौतम वैद्य व ग्राम हरगांव चांदन निवासी सचिन कुमार को गिरफ़्तार किया तो उन्होंने लूट की घटना को अंजाम देना कबूल कर लिया।
थाना प्रभारी का कहना है कि पूछताछ में सचिन ने बताया कि वह नौ वर्ष से डॉक्टर आनंद गहलोत के पास कंपाउंडर का कार्य करता है तथा डॉक्टर आनंद गहलोत के घर व क्लीनिक का पूरा कार्य भी वह खुद ही देखता है। डॉ. आनंद गहलोत को कितनी कमाई होती है। इसकी भी उसे पूर्ण जानकारी थी। उसने पुलिस को बताया कि उसे अंदाजा था कि डॉक्टर के पास करीब 50-60 लाख रुपये व जेवरात मिल जाएंगे। इसलिए उसने लालच में आकर अपने साथी गौतम के साथ मिलकर चिकित्सक के घर में लूट की घटना को अंजाम देने की योजना बनाई।
उसने पुलिस को यह भी बताया कि लूट की घटना को अंजाम देने से एक दिन पूर्व भी उसने लूट की घटना करने का प्रयास किया था लेकिन वह असफल हो गया था। पूछताछ में सचिन ने यह भी बताया कि अपनी पहचान छिपाने के लिए उसने बुर्का पहन लिया था। घटना वाले दिन उसने चाकू के बल पर 16500 रुपये की लूट करने की बात बताई। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को 10350 रुपये की नकदी, सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल व चाकू के साथ गिरफ़्तार किया है।