बरात में आए दूल्हे के चचेरे भाई की गर्दन में सुआ घोंपकर हत्या कर दी गई। मंडप में बर्फ की सप्लाई करने वाले युवक पर हत्या करने का शक जाहिर किया जा रहा है। मौका ए वारदात की वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। पुलिस हत्या आरोपी की तलाश में जुटी है।
मंगलवार को थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव मखवाड़ा निवासी गजराज के बेटे आकाश की बरात शहर कोतवाली के बक्शीवाला स्थित हीरा बैंक्विट हॉल में पहुंची थी। बरात में आया गजेंद्र का बेटा आदित्य पेशाब करने के लिए बैंक्विट हॉल के पास एक मैदान में चला गया। जहां पर शराब पी रहे ई रिक्शा में सवार कुछ युवकों से उसकी कहासुनी हो गई। जिन्होंने आदित्य के साथ मारपीट की। जानकारी मिलने पर आदित्य के पिता गजेंद्र और अश्वनी पुत्र अशोक समेत अन्य बराती आदित्य को छुड़ाने के लिए पहुंचे।
इसी बीच एक आरोपी ने अश्वनी की गर्दन में बर्फ तोड़ने वाला सुआ मार दिया। सुआ अश्वनी की नाक से होते हुए ऊपर सिर तक चला गया। गंभीर रूप घायल अश्वनी को मेडिकल अस्पताल भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अश्वनी की मौत के बाद परिजनों और बरातियों में मातम छा गया। बताया गया कि अश्वनी अपने ताऊ बेटे आकाश के बारात में शामिल होने आया था। वारदात के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि रवि नाम के युवक ने वारदात को अंजाम दिया है।
एएसपी सिटी डॉक्टर कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि अश्वनी बरात में आया था, इसी दौरान विवाद के चलते ई रिक्शा चालक रवि ने अश्वनी की गर्दन में सुआ मार दिया। मामले में प्राथमिक की दर्ज करते हुए आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।