नगीना में तहसील समाधान दिवस में समस्या सुनते डीएम रमाकांत पांडेय।
- फोटो : BIJNOR
‘तय समय सीमा में हो शिकायत का निस्तारण’
नगीना/चांदपुर। संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी रमाकांत पांडे ने अधिकारियों से शिकायतों का निस्तारण तय समय सीमा के भीतर पूरी गुणवत्ता के साथ करने के निर्देश दिए। मंगलवार को नगीना तहसील के सभागार में 25 शिकायतें दर्ज की गईं। जिसमें से पांच का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
ग्राम पंचायत कल्याणपुर सराय पुरैनी के रामलाल ने मनरेगा की मजदूरी का 3000 रुपये बकाया दिलाए जाने की मांग की। नगर के एक प्रतिष्ठित अंग्रेजी माध्यम स्कूल में कार्य करने वाली शिक्षिका शालू ने जिलाधिकारी से स्कूल प्रबंधक पर उसके पूरे वर्ष का आधा वेतन नहीं देने का आरोप लगाते हुए शेष 85 हजार रुपये दिलाने की मांग की। गांव अब्दुल्लापुर की आमना व फिम्मन ने राशन डीलर पर राशन देने में परेशान करने का आरोप लगाया।
इस दौरान एसडीएम घनश्याम वर्मा, सीओ राकेश श्रीवास्तव, तहसीलदार हामिद हुसैन, थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण मुरारी दोहरे, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी इंद्रपाल सिंह आदि मौजूद रहे। वहीं, चांदपुर में कुल 14 शिकायतें दर्ज की गईं। जिसमें से दो शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। इस दौरान एडीएम प्रशासन विनोद गौड़, एसपी सिटी डॉ. प्रवीण रंजन, सीओ शुभ सुचित, एसडीएम वीरेंद्र कुमार मौर्य, तहसीलदार सुनील कुमार आदि मौजूद रहे।