- गन्ना समिति से लोनिवि के हैंडओवर हुई सड़कों की जल्द बदलेगी सूरत
- बजट जारी होने लोनिवि कराएगा सड़कों का निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
नांगलसोती/नजीबाबाद। गन्ना समिति से लोक निर्माण विभाग के हैंडओवर हुई तहसील क्षेत्र की कई सड़कों की जल्द सूरत बदलने वाली है। लोनिवि द्वारा भेजे गए क्षतिग्रस्त मार्गों के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण के प्रस्तावों को शासन ने मंजूरी दे है।
गन्ना समिति से नजीबाबाद तहसील क्षेत्र की कई सड़कें हाल ही में लोनिवि के हैंडओवर की गई थी। लोनिवि ने क्षतिग्रस्त मार्गाें को चिह्नित कर 2024-25 में सड़कों के चौड़ीकरण व सुंदरीकरण की कार्य योजना तैयार कर जून माह में शासन को भेजी थी। शासन से कार्य योजना में शामिल कई सड़कों के निर्माण की मंजूरी मिली है।
क्षतिग्रस्त सड़कों में लोनिवि सड़क से तिसोतरा सुंगरपुर बहेड़ा तक तीन किलोमीटर मार्ग, दिनोड़ी से सबलपुर बीतरा तक 1850 मीटर नहर पटरी मार्ग, समीपुर से चीनी मिल फॉर्म तक 1800 मीटर मार्ग, सरवनपुर से सिकंदरपुर तक दो किलोमीटर मार्ग, समीपुर से इस्सेपुर तीन किलोमीटर मार्ग के निर्माण को शासन से मंजूरी मिली गई है। कार्य योजना में भेजी गई कई सड़कों के निर्माण की मंजूरी नहीं मिली। लोनिवि इन सड़कों को आगामी कार्य कार्ययोजना में शामिल करेगा।
लोनिवि के जेई पन्नालाल ने बताया कि बरसात के बाद बजट जारी होते इन सड़कों पर चौड़ीकरण और सुंदरीकरण का कार्य शुरू कराया जाएगा। मार्ग निर्माण से क्षेत्रवासियों को आवागमन में राहत मिलेगी।