गाजियाबाद पुलिस ने कई स्थानों पर दी दबिश
धामपुर। गाजियाबाद पुलिस ने शनिवार को चोरी के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी को कई स्थानों पर दबिश दी। लेकिन पुलिस को सफलता नहीं मिल सकी। शहर कोतवाली गाजियाबाद के उप निरीक्षक अंगद सिंह राणा ने बताया कि करीब एक माह पहले गाजियाबाद में एक सुनार की दुकान पर लाखों की चोरी हुई थी। दो महिलाओं सहित तीन लोगों ने घटना को अंजाम दिया था। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर मुजफ्फर नगर निवासी एक महिला को गिरफ्तार किया गया। उसकी ससुराल बागपत की है। आरोपी महिला ने धामपुर के पक्का बाग निवासी एक महिला और दो व्यक्तियों के नामों को उजागर किया। जिसके आधार पर पुलिस ने धामपुर में कई स्थानों पर आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी, पर आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं सके। उधर कोतवाल माधो सिंह बिष्ट का कहना है कि घटना में लिप्त दोनों आरोपियों को चांदपुर पुलिस चोरी के एक मामले में करीब एक सप्ताह पहले गिरफ्तार करके ले गई है। जो फिलहाल जेल में बंद हैं। संवाद