बिजनौर। मेडिकल कॉलेज में धीरे-धीरे स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर हो रही हैं। अब यहां गैस्ट्रोएंटरोलॉजी सुपर स्पेशिलिटी की सुविधा शुरू हो गई है। सुपर स्पेशलिस्ट डॉ. यासिर बेग मेडिकल कॉलेज में प्रत्येक सप्ताह सोमवार के दिन ओपीडी करेंगे।
मेडिकल कॉलेज में अभी तक विभाग में भी सुपर स्पेशिलिटी की सुविधा नहीं थी। ऐसे में मरीजों को इलाज के लिए मेरठ और निजी अस्पतालों की दौड़ लगानी पड़ती थी, लेकिन अब मरीजों की पेट से संबंधित बीमारी का मेडिकल कॉलेज में ही इलाज हो सकेगा। डॉ. यासिर बेग ने ज्वाइन कर लिया है, जिससे पेट, लीवर, आंत और अग्नाशय से जुड़ी गंभीर बीमारियों का इलाज हो सकेगा। इस सुविधा से बिजनौर एवं आसपास के जनपदों के मरीजों को गैस्ट्रो सर्जरी संबंधी विशेषज्ञ परामर्श स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगा, जिससे उन्हें उपचार के लिए अन्य बड़े शहरों में जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
मेडिकल कॉलेज प्राचार्या डॉ. ललिता चौधरी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में गैस्ट्रोएंटरोलॉजी सुपर स्पेशिलिटी की नई पहल की गई है। यहां यह पहली सुपर स्पेशिलिटी है। अब मेडिकल कॉलेज में ही मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श एवं उपचार प्रदान किया जाएगा। दूसरे विभागों में भी सुपर स्पेशिलिटी शुरू करने की तैयारी चल रही है।