धामपुर में कूड़े के ढेर में लगी आग से ठंड से बचाव करता व्यक्ति।
- फोटो : DHAMPUR
धामपुर। नगरपालिका बोर्ड द्वारा नगर में अभी तक ठंड से बचाव के लिए अलाव जलाने की कोई व्यवस्था नहीं की गई है, जिसके कारण कड़ाके की ठंड में राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में जरूरतमंदों ने लगे कूड़े के ढेरों में आग लगाकर ठंड से बचाव के प्रयास शुरू कर दिए हैं। हालांकि नगर पालिका बोर्ड ने पिछले दिनों नगर में जरूरतमंदों को ठंड से बचाने के लिए दस लाख रुपये की लागत से अलाव जलाने का बजट पास किया है। नागरिकों ने जल्द ही पालिका से अलाव जलाने की मांग उठाई है।
नगर के कोमल सिंह, गोपाल सिंह, मनोज कुमार, विवेक अग्रवाल, सोना सिंह, नरेंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार को हुई बारिश के बाद से ठंड में भारी इजाफा हुआ है। इसके कारण लोगों को दिक्कत हो रही है । सबसे बड़ी दिक्कत जरूरतमंद राहगीरों को है। जो आवश्यक कार्य से घर से बाहर निकल कर अपने गंतव्य को जाते हैं। ऐसे में ठंड से बचाने के लिए अलावों का जलना बहुत जरूरी है। लेकिन अभी तक पालिका की ओर से नगर में किसी भी स्थान पर अलाव जलाने की कोई व्यवस्था नहीं हुई है, जबकि एक सप्ताह पहले नगर पालिका बोर्ड में सदन में दस लाख रुपये की लागत से अलाव जलाने के लिए भारी-भरकम बजट सर्वसम्मति से पास किया है। लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से नगर क्षेत्र में अत्यधिक कोहरे के साथ पाला पड़ रहा है। ठंडी हवाएं चल रही हैं। ऐसे में लोग अपने घरों में दुबके हैं ।नागरिकों ने पालिका प्रशासन से अविलंब अलाव जलवाने की मांग उठाई है। पालिकाध्यक्ष राजू गुप्ता का कहना है कि जल्द ही प्रकिया को पूरी कर अलाव जलवाए जाएंगे। इसके लिए पालिका के अधिशासी अधिकारी सुभाष कुमार को निर्देशित कर दिया गया है। ईओ का कहना है कि टेंडर प्रक्रिया को पूरी कर जल्द ही अलाव जलाए जाएंगे। एसडीएम धीरेंद्र सिंह का कहना है कि उनके द्वारा ईओ को इसके लिए जरूरी आदेश दे दिए हैं।