शार्ट सर्किट से गैराज में लगी आग, चार गाड़ियां जलीं
कोतवाली देहात। गांव बरूकी निवासी प्रमोद गोयल के गैराज में शॉर्ट सर्किट से लगी आग से चार गाड़ियां जलकर खाक हो र्गइं। एक मोटरसाइकिल तथा एक स्कूटी भी जल गई। घटना में प्रमोद गोयल का नौकर भी झुलस गया। कोतवाली देहात पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया।
बरूकी निवासी प्रमोद गोयल चक्की चलाते हैं। बुधवार रात करीब आठ बजे वह चक्की पर मौजूद थे तभी शॉर्ट सर्किट से गैराज में खड़ी गाड़ी के सिलेंडर में आग लग गई। आग ने चार गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके अतिरिक्त गैराज में खड़ी एक मोटरसाइकिल और स्कूटी भी जलकर खाक हो गई। मौके पर थाना कोतवाली देहात पुलिस पहुंची तथा मामले की सूचना फायर बिग्रेड को दी। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। प्रमोद गोयल ने बताया कि आग से लगभग बीस लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उनके मकान में भी दरारें आ गई हैं। उनका नौकर अशोक कुमार भी झुलस गया। जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।