बिजनौर में मंडौरा जट के गन्ना क्रय केंद्र पर घटतौली को लेकर किसानों ने जमकर हंगामा किया। बाद में गन्ना सचिव और गन्ना ज्येष्ठ निरीक्षक ने कांटे पर बांट रखकर जांच की। जांच में करीब सात प्रतिशत घटतौली पाई गई। सेंटर इंचार्ज के खिलाफ कार्रवाई किए जाने के आश्वासन पर किसान शांत हुए।
गांव मंडौराजट में बिलाई शुगर मिल का गन्ना क्रय केंद्र संचालित है। इस पर धर्मवीर सिंह सेंटर इंचार्ज हैं। मंगलवार सुबह करीब ग्यारह बजे गांव का सुधाकर ट्रैक्टर ट्राली से गन्ना लेकर सेंटर पर गया था। किसान के अनुसार कंप्यूटरीकृत कांटे पर उसका गन्ना 24 क्विंटल 84 किलो निकला। शक होने पर किसान भड़क गया। बाद में अन्य किसान पहुंच गए और हंगामा करने लगे। कांटे पर बांट रखवाकर जांच की तो सात प्रतिशत की घटतौली मिली। इस पर कैलाश, पारूल, जयवीर सिंह, मदन सिंह, सुधाकर आदि किसानों ने सेंटर इंचार्ज को बंधक बनाकर हंगामा किया।
किसानों के हंगामे की सूचना पर गन्ना सचिव ओमप्रकाश व गन्ना ज्येष्ठ निरीक्षक प्रेम सिंह ने सेंटर के कांटे की जांच की। गन्ना ज्येष्ठ निरीक्षक प्रेम सिंह के अनुसार कांटे पर करीब सात प्रतिशत घटतौली पाई गई है। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि सेंटर इंचार्ज के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद ही किसान शांत हुए।