पुष्पा फिल्म में दूध के टैंकर से चंदन की तस्करी होना दिखाया गया है, इसी तर्ज पर उत्तरखंड से बिजनौर में गांजा की तस्करी होती मिली। दरअसल, तस्करों की गाड़ी में फर्श के नीचे एक गुप्त चैंबर मिला है। पुलिस ने करीब 12 लाख की कीमत का गांजा बरामद करते हुए तस्करी का खुलासा किया है। इस दौरान पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जिनमें तीन उत्तराखंड के रहने वाले हैं, जबकि दो मुरादाबाद जिले के निवासी हैं।
रेहड़ पुलिस ने मुखबिर से मिल रही सूचना के आधार पर गांजा तस्करी का भंडाफोड़ करने के लिए जाल बिछाया, बृहस्पतिवार की शाम को पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बादीगढ़ व पंचतारा ढाबे के बीच नहर पटरी पर छापामारी कर अवैध गांजे की खरीद फरोख्त करते हुए पांच लोगों को धर दबोचा। वहीं, पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर तलाशी ली।
आरोपियों के पास से करीब 51 किलो गांजा, 60 कारतूस 12 बोर, दो बाइक हीरो स्पलेंडर, एक पिकअप महेंद्रा मैक्स और 10 हजार चार सौ पचास रुपये की नकदी बरामद की। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम खिलाप सिंह, प्रदीप उर्फ प्रताप निवासी ग्राम बुरा थाना विकासनगर घाट जनपद चमोली उत्तराखंड, आकाश कुमार निवासी रतुपुरा थाना ठाकुरद्वारा जिला मुरादाबाद, शीशपाल सिंह निवासी नरेन्द्रपुर थाना भगतपुर जिला मुरादाबाद व मोहित निवासी पूरनपुर थाना जसपुर जिला उधमसिंह नगर उत्तराखंड बताया।
यह भी पढ़ें: मां-बाप हत्याकांड का असली सच: रेस्टोरेंट में पार्टी, फिर प्लानिंग से पहुंचे घर, रूह कंपा देगी आगे की कहानी