बिजनौर। किसान जागृति मंच बिजनौर के जिला संयोजक शूरवीर सिंह ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक शिकायत पत्र उनके कार्यालय प्रेषित किया। आरोप है कि खनन के डंपरों के लोड से बिजनौर गंगादसपुर-फतेहपुर वाया सिरधनी मार्ग टूट गया है। टूटी सड़क व धूल के कारण वहां से गुजरना मुश्किल हो रहा है। जबकि यह क्षेत्र के कई गांवों का मुख्यालय को जोड़ने वाला मार्ग है। रेत से भरे वाहनों से चलने, टूटी सड़क और दिनभर धूल होने से दुर्घटनाओं का भी अंदेशा रहता है। बिजनौर फतेहपुर, गंगदासपुर वाया सिरधनी मार्ग की चौड़ाई 20 से 30 मीटर तक है। यह मार्ग बिजनौर से चांदपुर मुख्यालय के बीच की दूरी को सात किमी कम करता है। फिलहाल इसकी चौड़ाई कम है। इस मार्ग से पालिका का कूड़ा ट्रैक्टर ट्राॅली, ट्रक से जाता है। शूरवीर सिंह का आरोप है कि इस मार्ग से अब काफी दिनों से मिट्टी का खनन डंपरों से हो रहा है। दिनरात डंपरों के चलने से सड़क की स्थिति बद से बदतर हो गई है। सड़क में गहरे गड्ढ़े हो गए हैं। मिट्टी सड़क पर बिखरी रहती है। सड़क टूटी होने से पालिका का कूड़ा भी बिखर जाने से मार्ग की बुरी हालत है। उन्होंने मुख्यमंत्री से डंपरों पर रोक लगवाने, सड़क का चौड़ी करण कराने की मांग की। संवाद