बिजनौर। मां भागीरथी के तट पर विशाल मैदान में आस्था का शहर बस गया। उल्लास में डूबे लोगों ने मेले में पहुंचकर अपने अपने तंबू गाड़ लिए। इसी के साथ तीन दिनों तक चलने वाले गंगा स्नान मेले का आगाज हो गया। वहीं विधि विधान के साथ मां गंगा का पूजन करते हुए मेले का विधिवत रूप से उद्घाटन किया गया।
शनिवार को विदुर कुटी के पास लगने वाले कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले में सवेरे से ही श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंचनी शुरू हो गई। श्रद्धालु ट्रैक्टर ट्राली और भैंसा बुग्गी से मेले में पहुंचते रहे। शाम ढलने तक लोगों के मेले में आने का सिलसिला जारी था। बता दें कि मुख्य स्नान 8 नवंबर दिन मंगलवार को होगा।
ट्रैक्टर ट्राली पर भैंसा बुग्गी से अपने खाने पीने के सामान के साथ श्रद्धालुओं ने डेरा डालना शुरू कर दिया। इसी के साथ मेले में तंबुओं का शहर बस गया है। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह अपने तंबू लगाने शुरू कर दिए हैं। मेले में चाट पकौड़ी झूला आदि की दुकानें सजनी शुरू हो गई महिलाएं भी मीना बाजार में खरीदारी करती नजर आई। डेरा लगाने के बाद श्रद्धालु गंगा स्नान करने पहुुंचे। गंगा स्नान करने के बाद डेरों में खाना बनाने और खाने का सिलसिला चालू हुआ। मेले में पकवानों की खुशबू आती रही।
पानी में अठखेलियां करते रहे युवा
गंगा की धारा में युवाओं के गुट स्नान करने के साथ अठखेलियां करते नजर आए। कोई दौड़ लगाकर पानी में कूद रहा है तो कोई काफी देर तक स्नान में मस्त रहा। उधर तमाम युवक हुक्का लेकर भी पहुंचे। जिन्होंने अपने डेरे के सामने ही हुक्का गुड़गुड़ाया।
अफसरों ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
गंगा स्नान मेले में इंतजामों का जायजा लेने के लिए एएसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह, एएमए श्याम बहादुर शर्मा, एडीएम विनय कुमार, एडीएम राजस्व अरविंद सिंह, एसडीएम सदर मोहित कुमार, एसडीएम रीतू चौधरी, अभियंता, कपिल कुमार पहुंचे। जिन्होंने मेले की व्यवस्थाओं को लेकर जरूरी दिशा निर्देश दिए।