Friends accused of killing Tahir found dead from pond
- फोटो : NAZIBABAD
तालाब से मृत मिले ताहिर की हत्या का दोस्तों पर लगाया आरोप
जलालाबाद/नजीबाबाद। तालाब में मृत मिले ताहिर हुसैन के परिजनों ने दो युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। जलालाबाद के गांव उब्भनवाला क्षेत्र में हुसैनपुर निवासी मजाहिर हुसैन का 40 वर्षीय पुत्र ताहिर हुसैन तालाब से बृहस्पतिवार की रात मृत निकाला गया था। सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने थाना प्रभारी रविंद्र वर्मा के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर घटना की जानकारी की।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव आते ही परिजनों ने मृतक ताहिर हुसैन के दो साथियों नदीम व फरमान पर हत्या का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की। परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या का मामला दर्ज होने तक शव दफन करने से इंकार कर दिया। थाना प्रभारी रविंद्र वर्मा, अपराध निरीक्षक अर्जुन सिंह, जलालाबाद चौकी प्रभारी चंद्रवीर सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से प्रकरण के संबंध में जानकारी की। परिजनों ने बताया कि मृतक ताहिर हुसैन की बहन की पांच दिन बाद शादी होना थी। वह 40 हजार रुपये लेकर शादी का सामान खरीदने के लिए घर से निकला था। परिजनों के दबाव और तहरीर के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों नदीम और फरमान उर्फ सांडा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश शुरू कर दी है। मृतक की जेब से पुलिस को 9700 रुपये मिले थे।