शुक्रवार की बादरी, रही सनीचर छाये, फिर बिन बरसे न जाये...
बिजनौर। शुक्रवार की बादरी, रही सनीचर छाय। तो यों भाखै भड्डरी, बिन बरसे ना जाय। घाघ और भड्डरी की ये कहावतें सैकड़ों साल बाद भी मौसम का सटीक हाल बता रही हैं। आज के समय में भले ही मौसम विभाग की भविष्यवाणी गलत साबित हो जाती हों, लेकिन ये कहावतें आज भी जीवंत बनी हुई हैं। इसका जीवंत उदाहरण शनिवार को हुई बारिश से भी देखने को मिला। शुक्रवार के बादल शनिवार को भी छाये रहे और बारिश भी हुई। मौसम विभाग रविवार और सोमवार को भी बारिश की संभावना जता रहा है। जिले में शनिवार तड़के से झमझम बारिश पड़ती रही। बारिश पड़ने से किसानों के चेहरे भी खिल उठे। हालांकि पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे।
जिले में रोजाना अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चल रहा था। लेकिन जैसे ही मौसम ने करवट बदली, तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शनिवार को अधिकतम तापमन 30.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही जिले में शनिवार को 18 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। बारिश के बाद लोगों को भी गर्मी से राहत मिली। शुक्रवार देर रात से हल्की बूंदाबंदी शुरू हो गई थी। जिसके बाद शनिवार तड़के तेज बारिश शुरू हो गई। जिससे खेतों में पानी-पानी हो गया। इससे किसानों के चेहरे पर खुशी छलक उठी। क्योंकि गर्मी की वजह से किसानों को फसलों की सिंचाई करने में परेशानी हो रही थी। शुक्रवार को भी आसमान में बादल छाए हुए थे। जिसके बाद शनिवार की सुबह बादल झमाझम कर बरश गए। इसके बाद पूरे दिन आसमान में काले बादल छाए रहे। बारिश के बाद लोगों को पंखे, कूलर चलाने की भी कम जरूरत नजर आई। जिसके चलते जिला वासियों ने बारिश का खूब आनंद लिया।
दो दिन में घटा साढ़े नौ डिग्री सेल्सियस तापमान
जिले में बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस था। इसके बाद मौसम का मिजाज बदल गया। जिसके चलते अधिकतम तापमान में साढ़े नौ डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। शनिवार को अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
आज और कल भी बारिश पड़ने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार आज भी जिले में बारिश की संभावना है। जिसके चलते तापमान में अधिक गिरावट दर्ज होगी। मौसम शनिवार की तरह ही रहेगा।