सड़क हादसों में चार लोग घायल
मंडावली। मंडावली क्षेत्र की दो मार्ग दुर्घटनाओं तीन बाइक सवार समेत एक राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया। मुस्सेपुर निवासी बाइक सवार दो सगे भाइयों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया।
गांव मुस्सेपुर के निकट हाइवे क्रॉसिंग पर बृहस्पतिवार को करीब आठ बजे नजीबाबाद दिशा से मंडावली जा रही मंडावली थाने की एस्कॉर्ट जिप्सी ने पीछे से उसी दिशा में जा रही एक बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार मुस्सेपुर निवासी कमल समेत वहां से पैदल गुजर रहा मंडावली निवासी युवक गौरव भी घायल हो गया। सूचना पर थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार गौड़ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को नजीबाबाद के प्राइवेट में अस्पताल भर्ती कराया। एस्कॉर्ट चालक ने घायलों के उपचार का पूर्ण खर्च उठाने का आश्वासन उनके परिजनों को दिया। उधर, मार्ग दुर्घटना में मुस्सेपुर निवासी कमल के घायल होने की सूचना पर उसी के गांव के दो सगे भाई विकास और दीपक कुमार भी बाइक पर सवार होकर घटनास्थल पर पहुंचने के घर निकले। मंडावली-गामड़ी मार्ग पर ट्रैक्टर से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई, जिसमें दोनों सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों भाईयों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया है।