लूट और चोरी करने वाले चार बदमाश दबोचे
बिजनौर। लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपियों ने लूट की कई वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। इनके पास से लूटी गई दो बाइक बरामद की गई हैं। दो तमंचे और दो चाकू समेत नौ हजार रुपये भी बरामद किए हैं।
बुधवार को एसपी दिनेश सिंह ने प्रेसवार्ता कर बताया कि स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ मिलकर शिवालाकलां पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बताया कि शानू पुत्र उरेशचंद निवासी गांव मुस्तफाबाद थाना शिवालाकलां, रोहित कुमार पुत्र श्याम सिंह, संदीप कुमार पुत्र महावीर सिंह और मदनपाल सिंह पुत्र घनश्याम सिंह निवासीगण हादीपुर कलां जनपद अमरोहा को पकड़ा गया है। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने एक अगस्त को अनुज आईटीआई में बैटरा और इनवर्टर आदि चोरी किया था। 13 अगस्त को रतनगढ़ के बाग में एक बाइक लूट ली थी। शानू और मदनपाल ने नगीना थानाक्षेत्र में गांव किरतपुर के पास स्कूटी सवार महिला के गले की चेन झपटी थी। चोरी किए गए सामान को बेचकर जो पैसे इनके पास बचे थे, उन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है। घटना में प्रयुक्त बाइक समेत लूटी गई बाइक को भी बरामद किया गया है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए जेल भेज दिया गया। प्रेसवार्ता के दौरान एएसपी देहात राम अर्ज भी मौजूद रहे।