रेलवे के फर्जी टिकट बनाने के आरोप में चार गिरफ्तार
नजीबाबाद/नांगलसोती। आरपीएफ ने गांव सराय आलम में छापा मारकर रेलवे के फर्जी टिकट बनाने के मामले में जनसेवा केंद्र के संचालक को गिरफ्तार किया। रेलवे पुलिस ने एक सीपीयू भी कब्जे में लिया।
रेलवे को दिल्ली और मुरादाबाद के नजीबाबाद क्षेत्र में रेलवे के फर्जी टिकट बनाने की सूचना मिली। जिस पर आरपीएफ के एसआई सुरेंद्र कुमार, राजीव कुमार ने रेलवे के अवैध रूप से टिकट बनाने के मामले में नांगलसोती के गांव सराय आलम में एक जनसेवा केंद्र पर छापा मारा। आरपीएफ ने जनसेवा केंद्र के संचालक राहुल कुमार से संबंधित मामले में पूछताछ के बाद उसका सीपीयू और 300 रुपये की नकदी कब्जे में ले ली।
धामपुर में आरपीएफ के चौकी के प्रभारी विकल चौधरी ने बताया कि सूचना मिली कि कालागढ़, नहटौर थाने के गांव कश्मीरी और शेरकोट थाने के मोहल्ला समना सराय में कुछ लोग रेलवे की आईडी के स्थान पर अपनी निजी आईडी पर अवैध तौर पर रेल विभाग ई टिकटों को तैयार कर उन्हें लोगों को बेच रहे हैं। बताया गया कि प्रत्येक टिकट पर करीब सौ से लेकर दो-दो सौ रुपये की वसूली की जा रही है। शनिवार को आरपीएफ ने छापा मारकर तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनका चालान किया है। आरोपियों में न्यू कॉलोनी कालागढ़ निवासी अनिल, शेरकोट के मोहल्ला समना सराय निवासी अब्दुल कादिर और नहटौर थाने के गांव के कश्मीरी निवासी मोहम्मद कासिम शामिल हैं।