फ्लैक्सी उतारने पर भड़के पूर्व मंत्री स्वामी ओमवेश
बिजनौर। पूर्व राज्यमंत्री स्वामी ओमवेश की विदुर कुटी के आगे गंगा मेले में लगी करीब 30 फ्लैक्सी हटा दी गईं। इस बात पर पूर्व मंत्री भड़क उठे। उन्होंने जिला पंचायत के मेले में बने कैंप कार्यालय को उखाड़ने की चेतावनी दे डाली। बाद में अफसरों के साथ वार्ता के बाद मामला शांत हुआ। स्वामी ओमवेश ने गंगा मेले बाद फ्लैक्सी न मिलने पर आंदोलन चलाने की चेतावनी दी।
पूर्व राज्यमंत्री स्वामी ओमवेश ने कार्तिक पूर्णिमा पर विदुर कुटी के आगे लगे गंगा मेले में गायत्री देवी हॉस्पिटल के उद्घाटन व मेले की शुभ कामनाओं की 30 फ्लैक्सी लगवाई थीं। मेले के उद्घाटन में पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र सिंह के आने पर इन सभी फ्लैक्सी को हटा दिया गया। स्वामी ओमवेश के मुताबिक उन्हें पता चला कि ये सभी फ्लैक्सी जिला पंचायत के अफसरों ने हटवाई हैं और ये फ्लैक्सी चौकीदार के पास हैं। उन्हें रविवार को आर्य समाज के मेले में लगे कैंप में प्रवचन के लिए जाना था। स्वामी ओमवेश मेले में जाने से पहले जिला पंचायत के कैंप कार्यालय में पहुंचे। उन्होंने चौकीदार को बुलाकर फ्लैक्सी देने को कहा। जिला पंचायत के अफसरों ने पूर्व मंत्री को बताया कि चौकीदार अभी नहीं है। सारी फ्लैक्सी सीओ सिटी ने उतरवाई हैं। इस बात पर पूर्व मंत्री का पारा चढ़ गया। उन्होंने मोबाइल पर सीओ सिटी को फ्लैक्सी न मिलने पर जिला पंचायत का कैंप कार्यालय एक घंटे के अंदर उखाड़ने की चेतावनी दे दी।
इस बात को लेकर माहौल गरमा गया। स्वामी ओमवेश वहां से आर्य समाज के कैंप कार्यालय पहुंच गए। शहर कोतवाल रमेशचंद्र शर्मा समेत कई अधिकारी वहां पहुंचे। कैंप कार्यालय उखाड़ने के बारे में उनकी पूर्व मंत्री से बात हुई। पूर्व मंत्री ने कोतवाल को बताया कि दो फ्लैक्सी चौकीदार के पास मिलने की उन्हें बात बताई गई है। उनकी फ्लैक्सी नहीं मिलीं तो वह आरपार की लड़ाई लड़ेंगे। काफी देर तक स्वामी ओमवेश से कोतवाल की वार्ता हुई। स्वामी ओमवेश को शांत करने के बाद कोतवाल वहां से लौटे। स्वामी ओमवेश के मुताबिक फ्लैक्सी नहीं मिलने पर गंगा स्नान के बाद वह आंदोलन करेंगे। इसकी रणनीति तैयार की जा रही है। उनकी फ्लैक्सी हर हाल में उन्हें देनी होंगी। जिला पंचायत के एक अधिकारी ने भी दस फ्लैक्सी अपने पास होने की बात बताई है।