- अब तक आरपीएफ धामपुर आठ लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है
धामपुर। आरपीएफ के जवानों ने रविवार को रेलवे संपत्ति चोरी करने के मामले में किरतपुर थाने के गांव शादीपुर के पूर्व प्रधान राजीव कुमार को गिरफ्तार कर चालान किया। अधिकारियों ने बताया कि राजीव चोरी के गिरोह में शामिल सदस्यों को माल के बारे में जानकारी देता था।
आरपीएफ चौकी प्रभारी रघुवंश कुमार ने बताया कि कई और लोगों की जांच की जा रही है। जल्द ही और आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका चालान होगा। गौरतलब है कि करीब तीन सप्ताह पहले चोरों के गिरोह ने रेलवे के कई टन लोहे को चोरी कर लिया था। मामले के उजागर होने पर विभाग की ओर से कई टीमों को लगाया गया। दो दिन पहले आरपीएफ की ओर से आठ लोगों को गिरफ्तार कर चोरी के मामले में चालान किया गया है। आरोपियों ने करीब छह टन लोहा बरामद हुआ है।
बताया गया कि बूंदकी और फजलपुर क्षेत्र के आसपास से रेलवे की संपत्ति को चोरी कर चोर लक्सर की एक फैक्टरी को बेच देते थे। फैैक्टरी में जाने के बाद माल को गला दिया जाता था। इसका खुलासा तब हुआ, जब आरपीएफ ने स्योहारा, सहसपुर और कनखल के लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।