-डीएफओ से अभद्रता करने का मामला, जताया विरोध
-वन कर्मचारी बोले, इंसान नहीं मिला तो जारी रहेगी लड़ाई
संवाद न्यूज एजेंसी
रेहड़। भवन निर्माण प्रकरण में डीएफओ के साथ अभद्रता का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर वन कर्मियों ने केहरिपुर कार्यालय पर बैठक की और विरोध जताया। वक्ताओं ने कहा कि न्याय मिलने लड़ाई जारी रहेगी।
सोमवार को उप्र सहायक वन कर्मचारी संघ की एक बैठक केहरीपुर रेंज कार्यालय पर आयोजित हुई। बैठक में केहरीपुर में निर्माण प्रकरण में डीएफओ के साथ हुई अभद्रता करने वाले विधायक प्रतिनिधि के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं होने पर विरोध जताया। संघ के अध्यक्ष मोहम्मद नदीम ने कहा कि भवन निर्माण प्रकरण में जान बूझकर वन विभाग को निशाना बनाया जा रहा। कहा कि डिप्टी रेंजर से दबाव बनाकर तहरीर दिलाई गई। यदि शीघ्र ही जब वर्दी व असलाह होने के बावजूद हम ही सुरक्षित नहीं है तो हम वनों की सुरक्षा कैसे करेंगे। शीघ्र ही कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने पर वन कर्मचारी संघ ने पूरे मुरादाबाद मंडल में विरोध स्वरूप वनकर्मियों के असलहे जमा करने की बात कही।
महामंत्री अमित श्रीवास्तव ने बताया की आगे की रणनीति लखनऊ जाकर बनाई जाएगी, जिसमें संघ के सभी पदाधिकारी व कर्मचारी शामिल होंगे। बैठक में लखनऊ,लखीमपुर खीरी, बागपत, मेरठ, कुशीनगर,उन्नाव, मुरादाबाद, रामपुर आदि से आए डिप्टी रेंजर व वन दरोगा शामिल हुए। बैठक को आशीष पांडे,राजेन्द्र नेगी, नफीस खान आदि ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर गोविंद राम गंगवार, विजेंदर चौधरी, स्वरूप सिंह रावत, प्रदीप शर्मा, सहित सैकड़ों वनकर्मी मौजूद रहे।